रामगोपाल जेना/ चाईबासा : असम, पश्चिम बंगाल एवं पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में चाईबासा के पोस्ट ऑफिस चौक पर भव्य विजयोत्सव का आयोजन किया गया. इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और मिठाइयों के वितरण से पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो गया. बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि यह जीत भाजपा की “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति पर जनता के भरोसे की जीत है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भाजपा का परचम लहरा रहा है और झारखंड में भी आगामी चुनावों में पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी. प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से लाया गया नारी शक्ति बिल महिलाओं के सशक्तीकरण का प्रतीक है और इस जीत में मातृशक्ति की बड़ी भूमिका रही है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास को देख रही है और इसी कारण भाजपा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में नगर परिषद प्रत्याशी रहे रमेश खिरवाल सहित भूषण पाट पिंगुआ, चंदन झा, जयश्री बानरा, सनी पासवान, रंजन प्रसाद, चंद्रमोहन तियू, रूपा सिंह दास, हेमंत केशरी, प्रताप कटियार, राकेश सिंह बबलू, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, दिलीप साव, रोहित दास, रवि विश्वकर्मा, हर्ष रवानी, पंकज सिंह सहित कई पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे. यह विजयोत्सव इस बात का प्रतीक रहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है.







