
चाईबासा : चाईबासा के पोस्टऑफिस चौक पर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीनबंधु बोयपाई के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया. इस दौरान उन्होंने देश के अन्नदाता किसानों पर अत्याचार किये जाने का आरोप लगाया. पुतला दहन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए नारेबाजी कर रहे थे. तख्तियों पर ‘कृषि बिल रद्द करो, किसानों पर अत्याचार बंद करो, अन्नदाता देश की शान हैं इनका सम्मान करो, समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में नारे लिखे थे. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
दीनबंधु बोयपाई ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को जिस तरीके से यातनाएं दे रही है वो भारतीय इतिहास में पहली बार है. भारत देश कृषि प्रधान देश है, जहां किसानों का सम्मान किया जाता है. वहीं भाजपा सरकार किसानों का अपमान कर रही है. कड़ाके की ठंड में देश के अन्नदाताओं के ऊपर पानी की बौछार की जा रही है. मुख्य सड़कों को कोड़ा जा रहा है, रास्तों में कटीले तार बिछाए जा रहे हैं, वजनी पत्थर गिराए जा रहे हैं, ताकि किसान दिल्ली तक नहीं पहुंच सकें. क्या किसानों को विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार नहीं है? यदि, हां, तो फिर क्यों किसानों को बर्बरता पूर्ण तरीके से पीटा जा रहा है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सत्ता के नशे में चूर हो चुकी है. इसलिए किसानों की जमीन को पूंजीपतियों के हाथों में गिरवी रखना चाहती है, परंतु कांग्रेस पार्टी किसानों के समर्थन में कृषि कानून रद्द होने तक उसके समर्थन में खड़ा रहेगी. विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, यूथ इंटक के जिलाध्यक्ष हसलूद्दीन खान, युवा कांग्रेस के जिला महासचिव पूर्ण चंद्र कायम, प्रदेश महासचिव पूनम हेम्ब्रोम,सनी देवगम,प्पपू देवगम,त्रिशानू रोय,मो०सलीम, सुरेश सावैंया, सूरज मुखी, बिरसा कुन्टिया, प्रेम पुरती, टाटा बारी, संतोष सुन्डी, सावन बान्डरा, विनोद जामुदा, संतोष खालको, सुभाष तुरी, सन्नी तुरी, सनातन सावैया, श्रीधर कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.





