
मृतक के साथी डॉ प्रभु. 
मृतक की बहन कांति.
जमशेदपुर : बिष्टुपर स्थित होटल जिंजर में शुक्रवार को संदिग्ध अवस्था में मिले टाटा स्टील के चिकित्सक तमिलनाडू निवासी गनना प्रकाश जयराम की बड़ी बहन कांति और साला शिवकांत शनिवार देर शाम शहर पहुंचे. रविवार को गनना प्रकाश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, फिलहाल शव को टीएमएच अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है. परिजन शव को बेगलुरु स्थित आवास ले जाने की तैयारी कर रहे है. फिलहाल मौत के सही कारणों को पता नहीं चल पाया है, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की तैयारी कर रही है.
गुरुवार रात कलीग के साथ खाया था आलू पराठा
गननाप्रकाश के कलीग डॉक्टर प्रभु ने बताया कि घटना वाले दिन के पहले गुरुवार रात को गनना प्रकाश ने उसे फोन कर आलू पराठा खाने की इच्छा जताई थी. वह गनना और उसके एक और साथी टीएमएच के डॉक्टर राहुल के साथ सोनारी में आलू पराठा खाने गए थे. वहां सभी ने तीन पराठा खाए और वापस चले गए. सुबह गनना जब काम पर नहीं गया तो उसने काफी फोन किया. बाद में उसे घटना की जानकारी हुई.
ठंड में भी एसी में सोने की थी आदत, पुलिस ने भी कमरे का एसी चालू पाया था
प्रभु ने बताया कि गनना प्रकाश बेंगलुरु के येहलंका में अपनी पत्नी प्रिया और दो बेटी के साथ रहता था. पत्नी स्थानीय कॉलेज में लेक्चरर है. इसके पहले गनना प्रकाश श्रीलंका के मालदीव की एक कंपनी में काम करता था. अहमदाबाद के मेडीकल कॉलेज में दोनों साथ पढ़ते थे, कॉलेज टाईम से ही गनना को ठंड में भी एसी चालू कर सोने की आदत थी. इधर पुलिस ने भी होटल के कमरे में एसी का टेम्परेचर 20 डिग्री पर पाया था.
शुक्रवार को मानगो स्थित आशियाना अनंतरा में शिफ्ट करने वाला था गनना प्रकाश
गनना प्रकाश ने मानगो स्थित आशियाना अनंतरा में एक फ्लैट किराए पर लिया था. वह शनिवार को ही होटल से चेकआउट करने के बाद शिफ्ट करने वाला था. वह अपने परिवार को भी यहां लाने वाला था साथ ही बच्चों के एडमिशन के लिए वह कई स्कूलों में बात भी कर चुका था. ज्ञात हो कि बिष्टुपुर स्थित होटल जिंजर के कमरा नंबर 311 में टाटा स्टील ने नवनियुक्त डॉक्टर का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया था.









