
चाईबासा : जिले के नक्सल प्रभावित टेबो थाना क्षेत्र में दो पीएलएफआई सदस्यों को गिरफ्तार करने में स्थानीय पुलिस ने सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार दोनों वहां चल रहे सड़क निर्माण कार्य को बाधित करने व लेवी वसूलने के लिए आये थे। स्थानीय थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि पीएलएफआई संगठन के सदस्य चाकी बाजार के पास चल रहे पीसीसी रोड के निर्माण कार्य को रोकने तथा ठेकेदार से लेवी वसूलने आ रहे हैं। थाना प्रभारी ने इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दी। वरीय पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें थाना प्रभारी टेबो, सअनि महती मुर्मू एवं थाना सशस्त्र बल तथा सीआरपीएफ 60 बटालियन के पुलिस निरीक्षक राजकुमार एवं अन्य सीआरपीएफ बल को शामिल किया गया। दल को उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए टेबो थाना से चाकी बाजार के लिए भेजा गया। पुलिस बल जैसे ही चाकी बाजार के पास एनएच-75 मुख्य सड़क की पुलिया के पास पहुंची तो एक मोटरसाईकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल द्वारा पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया और नाम पता पूछा गया तो उन्होंने अपना नाम मनोहर पूर्ति तथा दूसरे ने सामुएल पूर्ति बताया. दोनो कुंदरूगुटटु थाना टेबो जिला प सिंहभूम के निवासी बताये जाते हैं। पकड़ाये अभियुक्त के पास से पीएलएफआई का पर्चा एवं पीएलएफआई संगठन के लिए लेवी वसूलने के लिए प्रयुक्त फर्जी सीम कार्ड बरामद किया गया है। उन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में स्वीकार किया कि दोनो पीएलएफआई एरिया कमांडर अजय पूर्ति, शनीचर सुरीन चंपा उर्फ डाडु नाग के लिए लेवी वसूलने का काम करते हैं तथा पुलिस की गतिविधि की सूचना देते हैं।






