
जमशेदपुर : लॉकडाउन के दौरान करीब दो महीने से तमिलनाडु में फंसे चाकुलिया व बहरागोड़ा के 10 मजदूरों को अब अपने गांव-घर पहुंच जाने की उम्मीद है. कोई भी सहारा नहीं मिलने के बाद इन मजदूरों ने दूरभाष के माध्यम से बहरागोड़ा के पूर्व विधायक व भाजपा नेता कुणाल षाडंगी से वापसी के लिए गुहार लगायी थी. इसे गंभीरता से लेते हुए श्री षाडंगी ने संबंधित पदाधिकारियों से संपर्क कर उनकी वापसी का मार्ग प्रशस्त कराया. तमिलनाडु के लौटने के क्रम में मजदूर मुजफ्फरपुर में ही उतर गये.
वहां से उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि कहां जाये. इसके बाद श्री षाड़ंगी के सहयोग से मजदूरों को पटना की बस पर बैठाया गया. मजदूर पटना पहुंचे हैं, जो ट्रेन से पटना से जमशेदपुर आयेंगे. मजदूरों में अब अपनी धरती पर पहुंच जाने की उम्मीद जगी है. इसके लिए उन्होंने कुणाल षाड़ंगी के प्रति आभार जताया है. इनमें बहरागोड़ा का एक और चाकुलिया के नौ मजदूर शामिल हैं.







