
चाईबासा : खुले में शौच मुक्त कराने की योजना को लेकर स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में शौचालय निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गयी है. इस योजना कार्य में प्रवासी मजदूरों को रोजगार दिया जायेगा. इस सबंध में पश्चिमी सिंहभूम जिला में अगस्त तक 50 हजार शौचालय बनाने का निर्देश उपायुक्त अरवा राजकमल ने जिले के सभी वरीय अधिकारियों को दिया है. शौचालय उन्हीं के घर बनेगा, जिन लाभुकों के घर में अभी तक इसका निर्माण नहीं हो सका है. साथ ही इस कार्य में कोराना काल में अपने-अपने गृह क्षेत्र में अन्य राज्यों से आये प्रवासी मजदूरों को रोजगार देने का भी निर्देश दिया गया है. बताया गया है कि अगले एक-डेढ माह में स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर प्रखंड की हर पंचायत में शौचालय बनने का कार्य शुरू होगा. इससे न सिर्फ स्वच्छता को बढावा मिलेगा, बल्कि प्रवासी और स्थानीय मजदूरों को रोजगार भी मिल सकेगा. संबंधित बैठक समाहरणालय सभागार में संपन्न बैठक में लिया गया, जिसमें जिले के सभी अनुमंडलाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारियों और स्वच्छ भारत मिशन के पदाधिकारी उपस्थित थे.


















