
Chaibasa : जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत कुदाहातु गांव की बीस वर्षीय अर्द्धविक्षिप्त युवती बुधवार को अपनी माता बसंती तिरिया एवं चाचा सुरेन्द्र तिरिया के साथ जगन्नाथपुर थाना पहुंची और थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक को धन्यवाद दिया.
युवती अनिता तिरिया ने बताया कि वह गुरुवार को बोकारो गई थी और रविवार को बोकारो से अपने छोटे भाई के साथ जगन्नाथपुर लौट रही थी. उसी दौरान वह गलती से अदित्यापुर रेलवे स्टेशन पर उतर गई. स्टेशन से उतरने के पश्चात जब वह बाहर आई तो उसे समझ मे नहीं आया कि वह कहां पर है. कुछ मनचले लड़के उसे घूर रहे थे. वह डर गई तब सिनी की एक सामाजिक महिला गायत्री कारवां की नजर अनिता तिरिया पर पड़ी. वह महिला अनिता को अपने घर ले गई और उसके अव्यवस्थित मैले कपड़े के बदले अच्छे कपड़े दिए तथा सकुशल उसके घर पहुंचाने के लिए जगन्नाथपुर थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक को दूरभाष पर सूचना दी. सूचना पाकर थाना प्रभारी मोदक ने संज्ञान लेते हुए थाना के सअनि उमेश प्रसाद को तुरंत कुदाहातु गांव भेजकर युवती अनिता तिरिया के परिजनों को युवती के बारे में जानकारी दी. तब युवती के परिजन सिनी के दौलूडीह गायत्री कारवां के घर पहुंचे और युवती को सकुशल प्राप्त किया. युवती के परिजनों ने थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक एवं सामाजिक महिला गायत्री कारवां को धन्यवाद दिया. थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश मे लड़कियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि समाज में लडकियां सुरक्षित एवं सकुशल रह सकें. उनका सम्मान बना रहे. थाना प्रभारी मोदक ने बताया कि स्थानीय समाचार पत्रों एवं गायत्री कारवां से युवती के बारे में सूचना मिली थी.







