
जमशेदपुर : कोविड-19 के खिलाफ अपनी लड़ाई के क्रम में टाटा स्टील ने झारखंड सरकार को 300 ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर प्रदान किया. कंपनी के रांची के चीफ रेसीडेंट एक्जीक्यूटिव (सीआरइ) संजय मोहन श्रीवास्तव ने कंपनी की ओर से स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह को ये ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर सौंपे. ये ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर अमेरिका और चीन से आयात किए गए हैं. राज्य को इस सहयोग के लिए टाटा स्टील को धन्यवाद देते हुए श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के समाज हित में टाटा स्टील ने हमेशा आगे बढ़ कर पहल की है और राज्य में कोविड-19 महामारी के प्रभाव को कम करने के लिए सरकार के साथ कंधे-से-कंधा मिलाकर काम कर रही है. कोविड-19 से लड़ने के अन्य प्रयासों में टाटा स्टील ने राज्य में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति श्रृंखला को व्यापक बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ सहयोग किया है. राज्य के ऑक्सीजन टास्क फोर्स के मार्गदर्शन में टाटा स्टील झारखंड के जमशेदपुर में स्थित अपने स्टील प्लांटों से लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति कर रही है.



