
Chakuliya : चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित धर्मशाला प्रांगण में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित पूर्णिमा नेत्रालय और स्थानीय झारखंड ग्रामीण चिकित्सा संगठन की संयुक्त बैठक मारवाड़ी महिला समिति की सदस्य रीता लोधा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ एससी झा व डॉ एससी महतो उपस्थित थे. डॉ एससी झा ने कहा कि मारवाड़ी महिला समिति का कार्य सराहनीय है. इस तरह के कार्य ग्रामीण चिकित्सक संघ के बगैर संभव नहीं है. नेत्र क्लीनिक का भी संघ सहयोग करे. बैठक में पूर्णिमा नेत्रालय के डॉ एफ रहमान, असिम भट्टाचार्य, एमडी सहाबुद्दीन, डॉ रमाशीष पाठक समेत अन्य उपस्थित थे. बैठक को संबोधित करते हुए डॉ एफ रहमान ने कहा कि पूर्णिमा नेत्रालय द्वारा चाकुलिया के विवेक मेडिकल में 21 दिसंबर को क्लीनिक खोला जाएगा. क्लीनिक में शुरू के दो ओपीडी मरीजों को नि:शुल्क सेवा दी जाएगी. उसके पश्चात हर माह के पहले शनिवार और तीसरे रविवार को नेत्र चिकित्सक द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी. जरूरत पड़ने पर मरीजों की आंख का ऑपरेशन भी किया जाएगा. यहां मोतियाबिंद ऑपरेशन, काला मोतियाबिंद, रेटिना चिकित्सा, शिशु नेत्र चिकित्सा, भेंगापन, कान्टेक्ट लेंस समेत अन्य चिकित्सा सुविधा दी जाएगी.

मारवाड़ी महिला समिति की रीता लोधा ने कहा कि चाकुलिया में नेत्र जांच की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. समिति द्वारा हर वर्ष नेत्र जांच शिविर आयोजित कर मरीजों को चिकित्सीय लाभ दिया जाता है. बावजूद कई ग्रामीण मरीज अपनी आंख के उपचार के लिए परेशान रहते थे. आर्थिक कमी के कारण अपना उपचार नहीं करा पाते थे. ऐसे में समिति के सदस्यों ने पूर्णिमा नेत्रालय से संपर्क कर यहां एक क्लीनिक खोलने की मांग की. समिति की मांग पर पूर्णिमा नेत्रालय ने क्लीनिक खोलने की सहमति प्रदान की. इसके लिए समिति की ओर से आभार व्यक्त किया. उन्होंने ग्रामीण चिकित्सकों से कहा कि इसका प्रचार-प्रसार करें, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके. बैठक में संध के जिलाध्यक्ष आरएच काटियार, चाकुलिया प्रखंड अध्यक्ष पंकज महतो, सुशेन दास, विजय सीट, दिव्येन्दु दे, जोहरलाल महतो, सुशांत महतो, आशीष दे, परमजीत राठौर, अनिल बासुरियार समेत अन्य ग्रामीण चिकित्सक उपस्थित थे.







