
जमशेदपुर : देश की बड़ी चिकित्सा क्षेत्र में पढ़ाई कराने और सेवा देने वाली कंपनी मणिपाल के साथ मिलकर टाटा स्टील जमशेदपुर के बारीडीह में नया मेडिकल कॉलेज खोल रही है. इस मेडिकल कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है. मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (माहे) कर्नाटक और टाटा स्टील की संयुक्त उपक्रम के तौर पर यह काम करेगी. इसको देखते हुए टाटा स्टील और टाटा स्टील समूह के कर्मचारियों के बच्चों का एकेडमिक साल 2020-2021 में जमशेदपुर के अलावा बंगलुरु, मैंगलुरु और मणिपाल में दाखिला के लिए नया स्कॉलरशिप मेरिट कम मींस (एमसीएम) लांच किया गया है. इसके लिए कर्मचारियों के बच्चों से आवेदन आमंत्रित किया गया है. इसके लिए वैसे कर्मचारी के बच्चे आवेदन कर सकते है, जिनके पिता या माता तीन साल तक टाटा स्टील या टाटा स्टील समूह में काम कर चुके है. जिन लोगों ने तीन साल का सर्विस पूरा नहीं किया है, उनके बच्चे आवेदन दे सकते है, लेकिन यह तय होना चाहिए कि जब तक कोर्स चलेगा, तब तक उनका सर्विस तीन साल पूरा हो जाये. इसका आवेदन देने वाले बच्चे डिग्री, डिप्लोमा मेडिकल, पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में दाखिला ले सकते है. इसके लिए वे लोग किसी भी कैंपस का सेलेक्शन कर सकते है मसलन, जमशेदपुर के अलावा कर्नाटक के बंगलुरु, मैंगलोर और मणिपाल कैंपस शामिल है. यह स्कॉलरशिप अविवाहित दो बच्चों के लिए मान्य होगा. डेंटल और मेडिकल के लिए आवेदक बच्चों को नीट की परीक्षा पास होना होगा. इसके अलावा बीटेक और बी फार्मा कोर्स में दाखिला के लिए मणिपाल इंट्रेंस टेस्ट देना होगा, जिसमें 10 हजार तक बी टेक का और 1500 रैंक के भीतर बी फार्मा के लिए होना जरूरी है. जिनको ये सारे रैंक के अंदर हासिल नहीं होगा, उनको यह स्कॉलरशिप नहीं मिलेगा. अन्य कोर्स के लिए मणिपाल इंट्रेंस टेस्ट या मेरिड लिस्ट में कम से कम 70 फीसदी अंक या 7.00 सीजीपीए अंक हासिल होना जरूरी है. स्कॉलरशिप के लिए जो राशि तय की गयी है, उसके मुताबिक, जिस कर्मचारी का सालाना 5 लाख तक का आमदनी है, उसको कोर्स फीस का 90 फीसदी, 5 से 7.5 लाख रुपये तक की आमदनी करने वाले के बच्चों को 75 फीसदी, 7.5 लाख से 10 लाख तक की आमदनी वाले को 50 फीसदी, 10 लाख से 12.50 लाख रुपये सालाना कमाने वाले को 25 फीसदी और 12.5 लाख से ऊपर की आमदनी करने वाले को 10 फीसदी तक स्कॉलरशिप दी जायेगी. यह आमदनी माता और पिता दोनों का होगा. आवेदक को दाखिला के वक्त 10 हजार रुपये का कॉशन मनी देना ही होगा. इन सारे पैमाने को पूरा करने वाले आवेदक का आवेदन टाटा स्टील के चीफ ग्रुप एचआर आइआर के ऑफिस में जमा किया जा सकता है. सीधे हाथों हाथ जमा किया जा सकता है या फिर कूरियर से हार्ड कॉपी 5 नवंबर 2021 तक जमा कर सकते है. आवेदन डायेक्टर, एडमिशन, माहे, मणिपाल के नाम से दिया जाना है. टाटा स्टील के लिए यह नियम है. वैसे टाटा स्टील के समूह कंपनी के कर्मचारियों के बच्चों का आवेदन को संबंधित कंपनियों के हेड एचआर को 30 सितंबर तक जमा कर देना है और 5 नवंबर तक उक्त कंपनियों के एचआर को टाटा स्टील के चीफ ग्रुप एचआर व आइआर को देना है. टाटा स्टील के चीफ एचआर व आइआर के ऑफिस से सारे आवेदन 15 नवंबर तक मणिपाल, माहे डायरेक्टर एडमिशन को भेज दिया जाना है. आवेदन के साथ सारे कर्मचारियों को अपना आइटी रिटर्न भी देना होगा. आवेदक का अगर चयन हो जाता है और इस बीच कर्मचारी की आमदनी घटती या बढ़ती है तो फिर उसके अनुसार स्कॉलरशिप की राशि को घटाया या बढ़ाया जायेगा. पूरे कोर्स के लिए यह स्कॉलरशिप दी जायेगी. यूनिवर्सिटी की परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों को स्कॉलरशिप मिलता रहेगा. हर साल कर्मचारियों के लिए इस आवेदन के लिए सरकुलर निकाला जायेगा.




