
जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े व्यापारी और औद्योगिक संस्था सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनावी डुगडुगी बज गयी है. पहली बार कोरोना को ध्यान में रखते हुए इ-वोटिंग की मदद ली जायेगी. पहली बार सिंहभूम चेंबर ने केंद्र सरकार की ओर से इ-वोटिंग कराने के लिए अधीकृत संस्था सीडीएसएल की मदद ले रही है. आपको बता दें कि देश भर में इ-वोटिंग के लिए एनएसडीएल और सीडीएसएल एजेंसी ही अधीकृत है. ऐसी संस्थाओं के जरिये टाटा समूह भी इ-वोटिंग के जरिये अपनी आमसभा कराती है और इ-वोटिंग कराती है. ऐसी विश्वसनीय संस्था के जरिये पहली बार इ-वोटिंग होोगी और नयी कमेटी की घोषणा होगी, जिसके तहत एक अध्यक्ष, एक महासचिव, चार उपाध्यक्ष, चार संयुक्त सचिव और एक कोषाध्यक्ष के अलावा 30 कार्यकारिणी सदस्य शामिल है. चुनावी कार्यक्रम भी घोषित कर दी गयी है, जिसके तहत 13 से 17 सितंबर तक फार्म का वितरण होगा. फार्म की कीमत पदाधिकारी के लिए 4720 रुपये जीएसटी समेत है जबकि एक्जीक्यूटिव कमेटी के लिए 2360 रुपये जीएसटी समेत तय किया गया है. 27 सितंबर को आमसभा (एजीएम) वर्चुअल होगा. इ-वोटिंग के लिए सारे सदस्यों को लिंक भेजा जायेगा जबकि एजीएम के लिए भी सारे सदस्यों को उनके अधीकृत इ-मेल और वाट्सएप पर लिंक भेजा जायेगा. कुल 1800 सदस्य है. इसके वोटर लिस्ट का प्रकाशन 15 सितंबर तक कर लेने की योजना है.
चुनावी कार्यक्रम एक नजर में :
13 से 17 सितंबर तक-नामांकन फार्म का वितरण
18 सितंबर और 20 सितंबर-फार्म जमा होगा
22 सितंबर-नामांकन फार्म का स्क्रुटनी
23 सितंबर की शाम 7 बजे तक-नामांकन वापसी
23 सितंबर की रात 9 बजे तक-उम्मीदवारों की सूची जारी होगी
27 सितंबर-एजीएम का होगा आयोजन
25 सितंबर और 26 सितंबर-रिमोट इ-वोटिंग के जरिये मतदान
28 सितंबर-सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के बिष्टुपुर भवन में इ-वोटिंग करने की सुविधा (प्रशासन अगर इजाजत दें)
कुल सदस्यों की संख्या-1800
किन पदों पर होगा चुनाव-1 अध्यक्ष, 1 महासचिव, 1 कोषाध्यक्ष, 4 उपाध्यक्ष, 4 संयुक्त सचिव और 30 कार्यकारिणी सदस्य
नामांकन फार्म की कीमत-पदाधिकारी का फार्म 4720 रुपये जीएसटी समेत, एक्जीक्यूटिव मेंबर 2360 रुपये जीएसटी समेत
अध्यक्ष पद के लिए चार बड़े दावेदार सामने आये
सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव में अध्यक्ष के अहम पद पर चार बड़े दावेदार सामने आये है. इस बार के चुनाव में अशोक भालोटिया भाग नहीं ले सकेंगे. इस कारण अध्यक्ष पद पर कोई नया उम्मीदवार को ही चुनाव लड़ना होगा. इस कड़ी में पूर्व अध्यक्ष और कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया एक बार फिर से बड़े दावेदार बनकर सामने आये है. उनकी अपनी पहचान है और भारी समर्थन भी उनके पास है. इसके अलावा महासचिव भरत वसानी भी इस बार अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर सकते है क्योंकि वे अभी महासचिव है और कई पदों पर काम के जरिये अपनी पहचान बनाये है. इसके अलावा सिंहभूम चेंबर के उपाध्यक्ष रह चुके विजय आनंद मूनका भी भारी दावेदारी है. एक खास वर्ग उनको काफी समर्थन कर सकता है. वैसे इस पूरी कड़ी में पूर्व में अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ चुके दीपक भालोटिया भी इस बार दावेदार बन सकते है. हालांकि, कोई अधिकारिक तौर पर कोई कहने को तैयार नहीं है.



