
जमशेदपुर : अखिल झारखंड छात्र संघ द्वारा चलाये जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत शनिवार को छात्र-छात्राओं ने उपायुक्त कार्यलय के समक्ष प्रदर्शन किया. साथ ही उपायुक्त के माध्यम से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के चेयरमैन को पत्र भेजा. पत्र में कहा गया है कि 11वीं की परीक्षा में जिन छात्र-छात्राओं को मार्जिनल घोषित किया गया है, उन पर जैक शीघ्र ही निर्णय ले अन्यथा छात्र सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संघ के कोल्हान अध्यक्ष हेमन्त पाठक ने कहा कि राज्य भर में हजारों छात्र-छात्राओं को मार्जिनल घोषित किया गया है और जनप्रतिनिधि को कोई परवाह नहीं है. अगर छात्रहित में कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तो मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री के आवास तक के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा.
क्या कहते हैं छात्र व क्या है मांग : छात्रों ने कहा कि किसी छात्र को फेल किये जाने का वे विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्किविरोध इस बात का है कि पहली बार ऐसा हुआ कि छात्रों को प्रमोट और मार्जिनल किया गया है. या तो जैक सभी मार्जिनल छात्र-छात्राओं को प्रमोट करे या सेकंड ईयर की तरह कंपार्टमेंटल एग्जाम ले कर आगे बढ़ने का मौका दे. प्रदर्शन के दौरान राजेश महतो, रंजन दास, अब्दुल कादिर, विकास रजक, मनोज राउत, कुंदन, अंजलि, हुमा गौरव, आंचल, पूजा समेत कई छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.







