
जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक ऐसा जंगल विकसित किया जा रहा है, जहां आप जंगल ट्रेल का आनंद ले सकेंगे. कुल 21 एकड़ में सीएच एरिया के हार्स राइडिंग स्कूल के ठीक पीछे करीब 85000 वर्ग मीटर एरिया में काफी सुविधाएं विकसित की जा रही है. कुल 19000 पेड़ लगाये जा रहे है. करीब 2500 वर्ग मीटर में कैंप लगाने की व्यवस्था हो रही है. पानी के लिए प्राकृतिक व्यवस्था बनायी जा रही है जबिक 3.5 किलोमीटर की लंबाई वाला वाकिंग ट्रैक बन रहा है, जिसकी चौड़ाई 2 मीटर के करीब होगी. यह अपने तरह का सबसे रोमांचक जंगल ट्रेल होगा, जिसको तैयार किया जा रहा है. यह जानकारी देते हुए टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर के एमडी तरुण डागा ने बताया कि इस काम को किया जा रहा है और योजना है कि मार्च 2023 तक इसको जमशेदपुरवासियों को समर्पित कर दिया जायेगा.





