
जमशेदपुर : जमशेदपुर के दो थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटना घटी, जिसमें दो लोगों ने आत्महत्या कर ली. इन घटनाओं में कदमा और कमलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला और एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है. उधर परिवार के सदस्यों में मातम पसर गया है. जानकारी के अनुसार कदमा थाना क्षेत्र के रानीकुदर रोड नंबर एक की रहने वाली कौशल्या देवी (35) ने बुधवार की सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय परिवार के लोग घर पर नहीं थे. उसका पति हरिनाथ प्रसाद टेंपो चालक है. वह टेंपो लेकर बाहर गया हुआ था. इस बीच घटना की जानकारी मिलने पर वह घर पर पहुंचा तो पत्नी को फंदे पर लटका हुआ देखा. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी. वहीं दूसरी घटना में कमलपुर थाना क्षेत्र के सझरा गांव का रहने वाले मजदूर जगदीश महतो (21) ने मंगलवार को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बारे में बताया गया कि वह दोपहर 12 बजे जमशेदपुर से काम करके घर लौटा था. इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया. दिन के 2 बजे जब परिवार के लोग उसे खाना खाने के लिये पूछने के लिये कमरे के पास पहुंचे तो भीतर दरवाजा बंद था. इसके बाद आस-पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी गयी. लोगों ने दरवाजा तोड़ा तब देखा कि जगदीश गमछा के सहारे फंदे पर लटका हुआ है. इसके बाद घटना की जानकारी कमलपुर थाने में जाकर दी गयी. जगदीश के घर में पत्नी और दो बच्चों के अलावा माता-पिता भी हैं. परिवार के लोगों ने बताया कि वह शराब का आदी था.






