
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टिस्को ग्रोथ शॉप (टीजीएस) में अधीकृत यूनियन टिस्को मजदूर यूनियन में घमासान जारी है. रविवार को जहां मजदूर नेता और यूनियन के अध्यक्ष रहे राकेश्वर पांडेय ने एक बैठक की थी, जिसमें उनके साथ छह ऑफिस बियरर और दस कमेटी मेंबरों ने साथ दिया था और कहा था कि राकेश्वर पांडेय ही अध्यक्ष है, वहीं वर्तमान में नयी कमेटी के अध्यक्ष शिवलखन सिंह ने सोमवार को फिर से दावेदारी की. सोमवार को शिवलखन सिंह ने 3 फरवरी 2020 के मीटिंग के मिनट्स को सार्वजनिक किया, जिसमें अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय के रिटायरमेंट के बाद नयी कमेटी का गठन करने और शिवलखन सिंह को अध्यक्ष बनाये जाने का फैसला लिया गया था.

इसके अलावा उन्होंने यूनियन के संविधान की कॉपी को भी सार्वजनिक कही है, जिसमें कहा गया है कि रिटायरमेंट के बाद यूनियन से कोई भी पदाधिकारी या कमेटी मेंबर सदस्य नहीं रह जाता है और उसको अगर फिर से चुनकर आना है तो को-ऑप्सन करना होगा. शिवलखन सिंह ने कहा कि उन लोगों ने नियमों के तहत ही नयी कमेटी बनायी है और राकेश्वर पांडेय को नियम के तहत ही बाहर किया गया है. इस कारण यह आरोप लगाया जाना गलत है. शिवलखन सिंह ने मीटिंग के जिस मिनट्स को सार्वजनिक किया है, उसमें उन सारे लोगों का भी हस्ताक्षर शामिल है, जिन लोगों ने राकेश्वर पांडेय को रविवार को समर्थन किया था. इस कारण यह मामला अब गरमाता जा रहा है और इस पूरे मामले में अब प्रबंधन की भूमिका पर सबकी नजरें है.







