
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में मंगलवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में एक मजदूर को टाटा मोटर्स के प्लांट के लाइन वन के कन्वेयर में फंसा हुआ पाया गया. उक्त कर्मचारी बिरसानगर थाना के पास रहने वाला मुकुल डुंंगडुंग था, जिसकी लाश बरामद की गयी. उसके शव को टाटा मोटर्स अस्पताल में रख दिया गया है. परिजनों को इसकी सूचना दे दी गयी है. बताया जाता है कि उक्त कर्मचारी सोमवार को बी शिफ्ट में ड्यूटी पर गया था. बी शिफ्ट की ड्यूटी के बाद से वह घर नहीं आया. मंगलवार की शाम करीब 5 बजे उसका शव बरामद किया गया. उसका शव कन्वेयर में फंसा हुआ था. इसके बाद आइडीएस को जानकारी दी गयी, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों के दल ने शव को बाहर निकाला और फिर टाटा मोटर्स अस्पताल ले गये, लेकिन चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया. उक्त कर्मचारी ड्यूटी पर गया, बी शिफ्ट से लेकर दूसरे दिन तक शव के बारे में कोई पता क्यों नहीं चल पाया, यह बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है. टाटा मोटर्स प्रबंधन पूरे मामले की जांच कर रही है. कंपनी की ओर से अब तक अधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गयी है. कंपनी की व्यवस्था पर सवाल इसलिए भी उठ रहा है क्योंकि एक कर्मचारी का शव कन्वेयर में 24 घंटे लाइन वन में फंसा रह जाता है, लेकिन किसी को जानकारी नहीं होती है. इसको लेकर पुलिस और फैक्ट्री इंस्पेक्टर की टीम भी जांच करने जा रही है.





