
चांडिल : अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के आदरडीह गांव में महिला समितियों ने ‘वर्तमान समय में नारी की स्थित’ विषयक कार्यशाला का आयोजन किया. इसमें तिल्ला, गौरडीह, चिंगड़ा – पाड़कीडीह एवं आदरडीह पंचायत की सैकड़ों महिलाएं शामिल हुई। कार्यशाला मेंमुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी हरेलाल महतो उपस्थित थे। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि आज तक स्वरोजगार एवं सुरक्षा के लिए हमारे लिए किसी भी जनप्रतिनिधि ने पहल नहीं की। वहीं, प्रत्येक गांव में पेयजल संकट है, जिस कारण महिलाओं को ही परेशानी सामना करना पड़ता है। महिलाओं द्वारा बताए गए विभिन्न समस्याओं को सुनने के बाद हरेलाल महतो ने अपने संबोधन में कहा कि अब तक ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को जनप्रतिनिधियों ने धोखा दिया है। हर बार चुनाव से पहले महिलाओं के बीच जाकर लोक लुभावन वादे करते हैं और चुनाव जीतकर उन वादों को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बेहतर शिक्षा सुविधा, सुरक्षा, स्वरोजगार आदि से जोड़ने का काम केवल सरकारी आंकड़ों में दिखाया जा रहा है, लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आज भी सैकड़ों गांव को पक्की सड़क और पेयजल नसीब नहीं हो पाया है, लेकिन मंच पर यहां के जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े भाषण देने से पीछे नहीं हटते हैं। हरेलाल महतो ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हमें एकजुट होने की आवश्यकता है, तभी न्यू ईचागढ़ का सपना साकार होगा। इस अवसर पर श्यामल महतो, दीपक महतो, अजित कुम्हार, कमला कुम्हार, टूटू दास, सिंधु रानी गोराई, पुष्पा प्रमाणिक, सुकूरमनी माझी, सुभद्रा महतो, धनी मण्डल, संतोषी महतो, भवानी सिंह, सरस्वती गोराई, मधुमिता महतो, गुलाबी सिंह सरदार समेत अन्य उपस्थित थे।



