
जमशेदपुर : घर में मोबाइल टावर लगाने को लेकर मानगो के एक युवक से ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में मानगो निवासी कमरुद्दीन ने बिष्टुपुर स्थित साइबर सेल में इसकी लिखित शिकायत की है. शिकायत के अनुसार कमरुद्दीन को 14 दिसंबर के दिन एक फोन आया. फोन करने वाले ने बताया कि वह भारती एयरटेल लिमिटेड से बात कर रहा है. कंपनी को शहर में रेंट बेसिस पर मोबाइल टावर लगवाना है जिसके लिए उनके प्रोपर्टी का चयन किया गया है. कमरुद्दीन से इसके लिए प्रोपर्टी के कागजात और एक आईडी प्रुफ की मांग की गई. कमरुद्दीन नें अपने प्रोपर्टी के कागजात और अपना आधार कार्ड उन के द्वारा दिए गए नंबर पर व्हाट्सएप कर दिया. बाद में उनसे रजिस्ट्रेशन के रुप में 16500 रुपये की मांग की गई जिसे उन्होने बजंता छाबरा नाम के खाते में ट्रास्फर कर दिया. इसके बाद उनसे टेलीकॉमयुनिकेशन विभाग के नाम से 500 रुपये की मांग की गई उसे भी उनके द्वारा जमा करा दिया गया. रकम जमा कराते ही उन्हे फर्जी लाईसेंस और रजिस्ट्रेशन नंबर दिया गया जिसमें भारती एयरटेल लिमिटेड लिखा हुआ था. थोड़ी देर बाद ही कमरुद्दीन से जीएसटी के रुप में 60 हजार रुपये मांगे गए. रकम ज्यादा होने के कारण कमरुद्दीन ने कहा कि एग्रीमेंट के कागजात मिलने के बाद ही रकम जमा करेगा. ऐसा कहते ही ठग ने फोन काट कर स्वीच ऑफ कर दिया. कमरुद्दीन ने तत्तकाल इसकी जानकारी साइबर सेल को दी.






