
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत एसएनपी एरिया में पार्किंग कर्मियों की गुंडागर्दी बढ़ती ही जा रही है। इस बार उन्होंने जुस्को कर्मी सैफी अली को चाकू से मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर वैन ने 2 कर्मियों को हिरासत में लिया है। वही घायल सैफी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। उसे पीठ में चाकू लगा है। घटना के संबंध में सैफी ने बताया कि एसएनपी एरिया में केएफसी के पास खड़ा होकर अपने परिचित का इंतजार कर रहा था। तभी एक पार्किंग कर्मी वहां पहुंचा और बाइक हटाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। पार्किंग कर्मी ने अपने साथियों को फोन कर बुलाया इसके बाद वहां 8 10 युवक पहुंच गए। सभी ने गाली गलौज शुरू कर दिया। इस बीच एक युवक ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान किसी ने उनके पीठ पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मारपीट कर रहे पार्किंग ठेकेदार शिबू सिंह के भाई विक्रम सिंह और कर्मचारी वासिफ अली को हिरासत में लिया। इस मामले में दोनों पक्षों ने साकची थाना में लिखित शिकायत की है।पार्किंग कर्मियों की इस हफ्ते में यह तीसरी घटना है। इसके पहले भी पार्किंग कर्मी पार्किंग के 5 रुपए को लेकर एक युवक के साथ भिड़ गए थे। उसके साथ मारपीट भी की थी इसके बाद पुलिस ने कर्मी को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। हालांकि यह पार्किंग कर्मियों की आदत में शुमार हो गया है। इनकी गुंडागर्दी दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। वही शिकायत नहीं होने से पुलिस भी इस मामले में कुछ नहीं कर पाती है।







