
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत डिमना रोड राजीव पथ साईं मंदिर के पास बुधवार सुबह बाइक सवार दो अपराधियों ने स्थानीय निवासी सुमन रक्षित को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जिम कर रहे युवकों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की पर बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

इधर स्थानीय लोगों ने सुमन को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के शव को पुलिस ने पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटनास्थल से पुलिस ने छानबीन के दौरान मौके से 9 एमएम का एक खोखा बरामद किया है।
सुमन के भाई ने बताया कि सुमन रोज की तरह राजीव पथ साईं मंदिर के पास जिम करने गया था। जिम से निकलते ही बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी। उन्हें शक है कि सुमन की हत्या सट्टे को लेकर शिवम ने की है। फिलहाल पुलिस आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरे फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुट गई है।

सट्टेबाजी के लिए हुई हत्या
मिली जानकारी के मुताबिक, हत्या का मामला सट्टेबाजी से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि मंगलवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया का क्रिकेट मैच हुआ था जिसको लेकर यह गोलीचालन की घटना हुई है, ऐसी संभावना जताई जा रही है। बताया जाता है कि मृतक खुद सट्टा से जुड़ा हुआ था और भारत और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट मैच में पैसे के लेन देन को लेकर शिवम नामक युवक के साथ विवाद हो गया था।








