
सरायकेला- खरसावां पुलिस को चोरी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है. जहां पुलिस ने बीते 12 फरवरी को सरायकेला थाना अंतर्गत नेंगटासाई उत्क्रमित मध्य विद्यालय में चोरी गए 12 कंप्यूटर व अन्य एसेसरीज और खरसावां थाना क्षेत्र के चिलकु स्थित एयरटेल टावर से 24 बैटरियों के चोरी मामले का खुलासा करते हुए कुल सात अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी गए सभी 12 कंप्यूटर व एसेसरीज के साथ एयरटेल टावर से चुराए गए 24 बैट्रियों में से एक बैट्री बरामद किया है. वहीं पुलिस ने बताया कि बाकी बैट्रियों को इनके द्वारा आदित्यपुर श्रीडुंगरी स्थित एक स्क्रैप व्यवसायी टिम्बल जायसवाल के यहां बेचने की बात कही है.

वहीं पुलिस ने टावर से बैटरी चुराने के लिए प्रयोग किए गए हथियार और बैटरियों को टावर से चुराकर ढोने के लिए प्रयोग में लाए गए एक वाहन भी जब किए जाने का दावा किया है. फिलहाल सरायकेला पुलिस के लिए इसे एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है. गिरफ्तार सभी अपराधियों के नाम अभिजीत जेना, प्रसनजीत सरदार, माताल सरदार, राजेश नायक, रावण लोहार और हरी कालिंदी बताया जा रहा है. जबकि एक नाबालिग भी इस घटना में शामिल है जिसे रिमांड होम भेजा गया है. वैसे इस घटना में कुल 8 लोगों का नाम सामने आया है. आठवीं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. जिले के एसपी ने बताया कि इनमें से सभी पूर्व के कई मामलों में जेल जा चुके हैं.





