
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बेलगाम अपराधियों ने बुधवार की रात पुलिस को चुनौती देने वाली घटना को अंजाम दिया. जमशेदपुर के मुख्य इलाका माने जाने वाले गरमनाला के पास अपराधियों ने एक पर एक करीब आधे घण्टे तक तांडव मचाया. इन लोगों ने दो दम्पत्तियों (पति-पत्नी) को लूटा और भाग निकले. जमशेदपुर के हर सड़क पर सीसीटीवी होने के बावजूद पुलिस इन अपराधियों को पकड़ नही पाई है.

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत बाग-ए-जमशेद स्कूल के पास की यह वारदात है. बुधवार की रात करीब नौ बजे बुलेट सवार दो अपराधियों ने दो दम्पत्ति से पर्स की छिनतई की. एक के बाद एक घटना को अंजाम देकर बिष्टुपुर की ओर से आये बदमाश साकची की ओर फरार हो गए. घटना के समय दोनों ही महिलाएं अपने पति के साथ अपने-अपने घर की ओर जा रही थी. पहला दम्पति बिरसानगर जोन नंबर तीन के रहने वाले थे जो अपराधियों का शिकार बने.

बिरसानगर ज़ोन नंबर तीन निवासी कमल किशोर और उनकी पत्नी रेशमी साहू एक साथ गाड़ी से जा रहे थे कि दो युवकों ने बाइक सवार दंपत्ति से हैंड बैग छीनकर फरार हो गए. घटना उस वक्त हुई जब पति-पत्नी अपने छोटे बच्चे के साथ सोनारी से कुछ सामानों की खरीदारी कर अपने बिरसानगर स्थित घर लौट रहे थे. घटना के संबंध में रेशमी साहू ने बताया कि उनके पर्स में एक चांदी की चेन, एक बिछिया, राशन कार्ड, घर की चाबी व अन्य दस्तावेज मौजूद थे. इस दम्पत्ति के पीछे चल रहे सीतारामडेरा बाराद्वारी के रहने वाले दंपत्ति के साथ दूसरी घटना भी इन अपराधियों ने अंजाम दिया. भवदीप सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह स्कूटी से बिष्टुपुर की ओर से बाराद्वारी अपने घर लौट रहे थे. तभी झपट्टा मारकर दोनों अपराधियों ने विनीता सिंह के पास मौजूद हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गए.
इस घटना में पीछे बैठी विनीता सिंह जमीन पर गिर गई जिनको काफी काफी चोट भी आई है. पति-पत्नी स्कूटी पर सवार थे और स्कूटी की रफ्तार काफी धीमी थी, जिससे नुकसान या चोट ज्यादा नही हो पाया. विनीता सिंह ने बताया कि उनके पर्स में एक सैमसंग का मोबाइल फोन और दस हजार रुपये कैश था जो बदमाश अपने साथ ले गए. इधर दोनों दंपत्ति ने इस मामले में बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रही है.











