
जमशेदपुर : जमशेदपुर के खनन विभाग की ओर से लॉकडाउन के बीच कार्रवाई शुरू की है. इसके तहत पुलिस की मदद से खनन पदाधिकारी नदीम शैफी ने कार्रवाई की है. अवैध तरीके से बालू का उठाव करने के मामले की शिकायत पर माइनिंग पदाधिकारी ने जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातू स्थित बालू घाट से तीन टेम्पो को जब्त किया गया. उसमें बालू लादा जा रहा था. बेलचा समेत तमाम उपकरण भी जब्त किया गया. दो टेम्पो चालक तो वहां से भाग निकले, लेकिन एक टेम्पो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया. सभी गाड़ियों और सामानों को जब्त कर सिदगोड़ा थाना में एक एफआइआर दायर कर दिया गया है. इसी तरह खनन निरीक्षक राहुल कुमार की ओर से भी छापामारी अभियान पोटका में चलाया गया, जिसमें दो हाइवा को जब्त किया गया. दोनों हाइवा में गिट्टी को लादा गया था. दोनों वाहनों में 1800 सीएफटी गिट्टी लदा हुआ था. बताया जाता है कि उक्त गाड़ी की जब जांच की गयी तो पाया गया कि उसके पास दो चालान थे, जिसके एवज में उठाव किया जा रहा था. वैसे यह जांच का विषय है कि आखिर लॉकडाउन के बीच कैसे चालान जारी किया गया और यह चालान सही है या गलत.






