
जमशेदपुर : ऐसे कई विद्यार्थी हैं, जिन्होंने कोविड-19 की त्रासदी को देखते हुए इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अब विदेश जाने का अपना निर्णय बदल दिया है. ऐसे विद्यार्थी अब स्वदेश में ही किसी आईआईटी, एनआईटी या किसी अच्छे इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लेना चाहतेत हैं. ऐसे विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने एक अवसर दिया है. ऐसे विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन करके आगामी जेईई मेन परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. एनटीए की ओर से बताया गया है कि वैसे विद्यार्थी जो पूर्व में किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे, वे भी इस अवसर का फायदा उठा सकते हैं.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. अधिसूचना के मुताबिक 19 मई से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आरंभ हो गयी है. आवेदन की अंतिम तिथि 24 मई है. ऑनलाइन आवेदन अंतिम तिथि की शाम 5:00 बजे तथा परीक्षा शुल्क रात 11:50 बजे तक स्वीकार किया जायेगा. क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई या पेटीएम के माध्यम से परीक्षा शुल्क का भुगतान किया जा सकता है. ऑनलाइन आवेदन तथा इससे संबंधित विस्तृत जानकारी एनटीए (जेईई मेन) की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर उपलब्ध है.







