
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत हाउसिंग कॉलोनी रोड नंबर 6 के एक सरकारी जमीन को घेरने का विरोध करने पर दबंगों ने लाठी डंडा और कटारी से वार कर 4 लोगों को घायल कर दिया. इस घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. दोनों पक्ष इस घटना को लेकर आमने-सामने हैं. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के रोड नंबर 6 स्थित राजेंद्र विद्यालय हरिया बागान के पास राजेंद्र यादव और उनके परिवार के लोगों द्वारा सरकारी जमीन का अतिक्रमण किया जा रहा है. इस जमीन के अतिक्रमण की पहले भी कोशिशें की गई लेकिन जमशेदपुर के तत्कालीन एसडीओ सूरज कुमार ने अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की थी जिसके बाद से मामला ठंडे बस्ते में था. लेकिन शनिवार को एक बार फिर से जमीन को घेरने की कोशिश की गई, जिसका विरोध स्थानीय निवासी रमेश झा, मिथिलेश झा और उनके परिवार के लोगों ने किया तो राजेंद्र यादव और अन्य लोगों ने रमेश झा, मिथिलेश झा, निलेश झा समेत अन्य की रॉड और कटारी से मार कर घायल कर दिया. सभी घायल किसी तरह अपनी जान बचाकर बागबेड़ा थाना पहुंचे. इस बीच राजेंद्र यादव के समर्थक सरकारी जमीन का विरोध करने वाले बस्तीवासी जुट गए और दोनों के बीच टकराव की स्थिति आ गई. बाद में मौके पर पुलिस ने बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को अलग किया. पुलिस ने इस संबंध में एक एफआईआर दर्ज किया है और मामले में कार्रवाई कर रही है.






