
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव थाना क्षेत्र स्थित सहकारिता को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व बैंक मैनेजर गुलशन सिंकु को मंझगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनके खिलाफ किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरण घोटाला और अपने बेटा-बेटी और खुद के नाम पर लाखों रूपये गबन किये जाने का आरोप है. सोमवार को मंझगांव पुलिस नें गिरफ्तार कर उसको जेल भेज दिया. इस सबंध में मिली जानकारी के अनुसार गबन का आरोपी बैंक मैनेजर गुलशन सिंकु के खिलाफ सहकारिता बैंक चाईबासा के सहायक मैनेजर सिद्वेश्वर बिरूली द्वारा 20 सितंबर 2019 में किसान क्रेडिट कार्ड वितरण करने में अनियमितता बरते जाने व आरोपी गुलशन सिंकु द्वारा खुद के बैंक खाते व बेटा-बेटी के नाम पर सरकारी रूपये का निकासी कर ली थी. इस शिकायत के आलोक पर चार सदस्यों की एक जांच कमेटी का गठन कर मामले की जांच कराया गया तथा पूर्व बैंक मैनेजर गुलशन सिंकु द्वारा किए गए 66.77 लाख रूपये की गबन करने का मामला का ऑडिट कराया गया. इसमें लगाये गये आरोप की जांच में सही पाये गये. इसके बाद मामले को मंझगांव पुलिस को जांच प्रतिवेदन के साथ सौंप दी गई. वहीं ऑडिट के दौरान आरोपी गुलशन सिंकु के खाते में 2004 तक 11 लाख रूपये जमा और निकासी किये जाने का प्रमाण भी मिला. यह घोटाला वर्ष 2000 से 2014 तक के कार्यकाल में पूर्व बैंक मैनेजर गुलशन सिंकु द्वारा किया गया. इसके बाद से मामले का अनुसंधान मंझगांव थाना के थाना प्रभारी अकील अहमद द्वारा किया जा रहा था. अनुसंधान के क्रम लगाये गये सभी आरोप सत्य पाये जाने के बाद उक्त गबन के आरोपी गुलशन सिंकु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.






