Saraikela : सरायकेला-खरसावां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिला पुलिस ने कुख्यात अपराधी कर्मी सोना बेक उर्फ प्रेम के साथ उसके दो अन्य सहयोगी दिनेश ठाकुर उर्फ गांजा और करण रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने इन अपराधियों के पास से 7.62 एमएम का पिस्टल, 3 मोबाइल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है. बताया जाता है कि तीन माह पूर्व राजनगर थाना के हैंसल बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान से मोबाइल चोरी की घटना हुई थी. जिसकी जांच के क्रम में सोना बेक उर्फ प्रेम के पास से चोरी की मोबाइल बरामद की गयी. पूछताछ के दौरान सोना बेक ने बताया कि वह सरायकेला चाईबासा और चक्रधरपुर के अलावे ओडिशा के भी कई मामलों में शामिल रहा है. उसके खिलाफ हत्या का भी मुकदमा चल रहा है.
बताया जाता है कि सोना की गिरफ्तारी आरआईटी थाना क्षेत्र से हुई है. जहां वह पत्नी के साथ छिपकर रह रहा था. पूछताछ के क्रम में जिन दो अपराधियों का नाम उसने पुलिस को बताया उनसे जेल में दोस्ती होने की बात अपराधी सोना बेक ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बतायी है. जानकारी देते हुए जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि गिरफ्त में आए तीनों पेशेवर अपराधी हैं और फिलहाल ये हथियारों की खरीद बिक्री का काम कर रहे थे. उन्होंने बताया कि सभी अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है. साथ ही इनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है. वैसे जिला पुलिस के लिए तीनों की गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी के रूप में देखी जा रही है.











