
जमशेदपुर : जमशेदपुर में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं. आलम यह है कि अब लोग सब्जी की चोरी करने से भी पीछे नहीं हटते. ताजा मामला साकची थाना क्षेत्र का है. साकची में कोविड-19 के मद्देनजर प्रशासन द्वारा मिनी बस स्टैंड के पास बनाए गए सब्जी मंडी में शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने प्याज की चोरी करते एक चोर को पकड़ा. लोगों ने चोर को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी. इधर, इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पाकर साकची पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को पकड़कर थाना ले गई. पुलिस थाने में उससे पूछताछ कर रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि एक चोर प्याज की चोरी कर रहा था. लोगों ने उसे देखकर रंगे हाथों पकड़ लिया. उसके पास से लगभग 30 किलो प्याज बरामद किया गया है. चोर बारीडीह का रहने वाला बताया जा रहा है. हालांकि इस संबंध में किसी ने साकची थाना में लिखित शिकायत नहीं की है.















