
जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम जिला के आनंदपुर थाना अंतर्गत पतियार गांव निवासी सुकरी गगराई ने अपनी ही भाभी मारगेह गगराई (29) की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद सुकरा ने थाने में जाकर हथियार के साथ सरेंडर कर दिया. पुलिस उससे हत्या का कारण जानने की कोशिश कर रही है. गुरुवार की सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मिली जानकारी के अनुसार बंदना बासी पर्व को लेकर घर के सदस्य एक साथ नाच-गाना कर रहे थे. उसी बीच नशे में धुत सुकरा ने पीछे से मारगेह की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह जख्मी होकर जमीन पर गिर गई. उसके शरीर से काफी खून निकलने लगा. वह थोड़ी देर तक तड़पती रही और उसकी मौत हो गई. घटना के वक्त मृतका का पति जिग्गा गगराई भी मौजूद था. हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है पर स्थानीय लोगो का कहना है कि डायन बिसाही के संदेह में महिला की हत्या की गयी है.














