
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना पुलिस ने मंगलवार को 13 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे आकाश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बताया जाता है कि आरआईटी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि 19 नंबर रोड के पास आकाश कुमार नामक मैनेजमेंट का छात्र ब्रॉउन शुगर के कारोबार में संलिप्त है. जिसके सत्यापन हेतु एक टीम गठित करते हुए छात्र आकाश कुमार को कुल 13 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया, जिसके बाद उसने खुद को इसके सेवन का शौकीन बताया. साथ ही इसकी सप्लाई अपने अन्य साथियों को भी करने की बात पुलिस के समक्ष स्वीकारी. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गौरतलब है, कि जिले का आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती ब्राउन शुगर हब के रूप में कुख्यात है और वहीं से पूरे कोल्हान सहित पड़ोसी राज्यों में भी ब्राउन शुगर की सप्लाई होती है. वैसे इसके धंधेबाज समय- समय पर पुलिस की गिरफ्त में आते रहे हैं, लेकिन इस काले साम्राज्य का फैलाव इतना हो गया है कि पुलिस के लिए यह तय कर पाना मुश्किल हो चुका है कि ड्रग्स के काले साम्राज्य का सरगना है कौन. अब तो छात्र और सामान्य युवा भी इसके सप्लायर बन रहे हैं. फिलहाल गिरफ्त में आए युवक की निशानदेही पर आरआईटी थाना पुलिस किंगपिन की तलाश में जुट गई है.







