
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने बीते सोमवार की देर रात जुआ और जुआरियों के खिलाफ गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के भैरवशाल स्थान से एक स्कूटी सहित चार मोटरसाइकिल बरामद किया है. वैसे छापामारी की सूचना मिलते ही मौके से जुआरी फरार होने में सफल रहे. पुलिस के आने की भनक लगते ही जुआ खेल रहे और जुआ खेल करा रहे जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने बताया कि जब्त किए गए बाइकों के ऑनर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है. बता दें कि क्षेत्र में अवैध जुआ खेल का एक बड़ा रैकेट काम कर रहा है. इसको लेकर बीते दिनों सोशल मीडिया पर माजना घाट पुल पर धड़ल्ले से खुलेआम अवैध जुआ का खेल खेलने और खेलाए जाने का पोस्ट वायरल किया गया था. इसके बाद पुलिस हरकत में आयी और यह कार्रवाई की. थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध जुआ के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में ऐसे अवैध कार्य करने वालों को पनपने नहीं दिया जाएगा.






