
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत रोड नंबर 5 में बीते दिनों हेते गिरोह के सदस्य सियाल पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को बुद्धा धीबर उर्फ विमल और मदन सेठ उर्फ प्रदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं अब इस मामले में कुल पांच लोगो को जेल भेजा जा चुका है. जेल भेजे गए अपराधियों में बुद्धा और मदन के अलावा प्रहलाद धीबर, विशाल दत्ता और लालटू महतो शामिल है. बता दे कि 26 फरवरी को सोनारी रोड नंबर 5 में रविदास ने अपने साथियों के साथ मिलकर हेते गिरोह के सदस्य सियाल पर फायरिंग कर दी थी. सियाल ने बिल्डर फनी महतो के घर पर घुसकर अपनी जान बचाई थी. रविदास ने फनी महतो के घर पर भी फायरिंग कर दी थी. वहीं घटना के देर शाम सियाल के साथियों ने सोनारी थाना के बाहर रविदास के मौसेरे भाई धनंजय दास पर चाकू से हमला कर दिया था. इस मामले में पुलिस ने राकेश प्रसाद को जेल भेजा है. इस मामले को लेकर रविदास गिरोह के कई और सदस्यों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. मुख्य फायरिंग करने के आरोपी रविदास को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. उसको अब सरेंडर करने के लिए प्रयास तेज है और उसके राजनीतिक आकाओं ने मिलकर उसको सरेंडर कराने की तैयारी कर ली है. राजनीतिक आकाओं ने भी नसीहत दी है कि वे लोग सरेंडर कर दें.







