
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत रामाधीन बगान में रविवार की शाम गाली गलौज करने से मना करने पर पड़ोसी ने पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया. इस घटना में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद घायल टेल्को थाना में शिकायत करने पहुंचे जहां से सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. घायल अखिलेश सिंह ने बताया कि उनके बहन के घर पर बच्चे पानी से खेल रहे थे. थोड़ा पानी पड़ोसी के घर पर चला गया जिससे पड़ोसी गाली गलौज करने लगा. बहन ने फोन कर घर बुलाया. जब वे घर गए तो पड़ोसी ने और गाली गलौज शुरू कर दी. थोड़ी देर बाद घर से 8 से 10 की संख्या में लोग निकले और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी. उनमें से एक ने पिस्टल रखा हुआ था. पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया गया. उन्होंने बताया कि जेल में नाबालिक के साथ बलात्कार और हत्या मामले में सजा काट रहे रिंकू साव के परिवार वालों ने ही इनपर हमला किया है. सारा परिवार अपराधिक प्रवृति का है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.












