
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्ट्रेट माइल रोड निवासी एक महिला को मरा हुआ बताकर पति द्वारा दूसरी शादी करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में पीड़िता ने कदमा थाना में लिखित शिकायत भी की है. इधर, शुक्रवार को महिला सिटी एसपी से मिलने उनके कार्यालय पहुंची. महिला ने बताया कि 26 फरवरी 2014 को उसकी शादी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला निवासी मंजर हयात से मुस्लिम रीति रिवाज से हुई थी. शादी के बाद से ही उनके ससुरालवालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. 25 जनवरी 2015 को बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई. बाद में वह अपने मायके आ गई और साल 2018 में न्यायालय के माध्यम से दहेज प्रताड़ना का शिकायतवाद दर्ज करवा दिया. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)
कुछ दिनों पहले जानकारी मिली कि पति मंजर आलम कदमा शास्त्रीनगर निवासी अपनी भाभी जिसका नाम तबस्सुम खान है उससे शल्फी मस्जिद कमेटी में शादी कर ली है. उसकी भाभी विधवा है. जब उन्होंने अपने स्तर से जानकारी हासिल की तो पता चला कि मस्जिद में यह बताकर शादी करवाई गई है कि मंजर की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है. बच्चे नहीं होने के कारण उसकी दूसरी शादी करवाई जा रही है. यह जानकर पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई. इधर शिकायत के बाद पुलिस ने जब कार्रवाई शुरू की तो मस्जिद कमेटी ने शादी के समय मंजर द्वारा दिया गया एक शपथ पत्र जिसमें यह लिखा गया है कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है, प्रस्तुत कर दिया. फिलहाल मंजर अपनी दूसरी पत्नी के साथ गोवा में है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.













