
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले की मुफस्सिल थाना की पुलिस ने मादक पदार्थ ब्राउन सुगर के साथ तीन युवक समेत जमशेदपुर की एक महिला को गिरफ्तार किया है. इन लोगों ने पुलिस से पूछताछ में जानकारी दी है कि उनके नशे का कारोबार काफी दूर तक फैला हुआ है. मुफस्सिल थाना में संवाददाता सम्मेलन करते हुए एसडीपीओ दिलीप खलको ने बताया कि एसपी अजय लिंडा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की गयी थी, जिसमें यह गिरफ्तारी की गयी. छापामारी टीम ने बासाटोंटो गांव स्थित सनातन ढाबा के पास तीन लोगों को ब्राउन सुगर और दो मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा. उन लोगों की निशानदेही पर ब्राउन सुगर की सप्लायर एक महिला को ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार किया. उक्त चारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. उनके पास से पुलिस ने ब्राउन सुगर (मोरफिन) 50.65 ग्राम, दो मोटरसाइकिलऔर तीन मोबाइल जब्त किया है. पकड़े गये लोगों में पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा के पंपू रोड निवासी रिचर्ड लोमगा, विशाल एक्का, सरायकेला-खरसावां जिले के कुंचाई थाना क्षेत्र के सुराबेड़ा गांव के रहने वाले दिलीप सामड और जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू की रहने वाली महिला लक्ष्मी सवैयां शामिल है. एसडीपीओ ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिली है कि वे लोग कहां से कहां माल लाते थे और कहां सप्लाइ करते थे. उक्त महिला ही पूरे कोल्हान में जमशेदपुर से मादक पदार्थ लाकर सप्लाइ करती थी, जिसका खुलासा भी हुआ है. इन लोगों के पूरे नेटवर्क को खंगालने में पुलिस लगी हुई है. इस छापामारी टीम में एसडीपीओ सदर दिलीप खलको, मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक, सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमरा, महिला थाना प्रभारी मीनू कुमारी, सब इंस्पेक्टर प्रेमचंद भगत, एएसआइ रंजीत कुमार मेहता, एएसआइ संतोष कुमार तिवारी, एएसआइ कृष्णा बैठा और थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे.














