
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी अंतर्गत कपाली बस्ती स्थित अलबेला गार्डन के पास रहने वाली 22 वर्षीय सनीमुन निशा को उसकी सहेली हिना ने पेट में चाकू से वार कर घायल कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद हिना मौके से फरार हो गई. इधर स्थानीय लोगों ने सनीमून निशा को घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. सनीमुन को पेट में बाईं ओर चाकू मारा गया है. इसके अलावा उसे ठुड्ढी में भी चाकू से वार किया गया है. फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के संबंध में सनीमुन निशा ने बताया कि वह घर के बाहर टहल रही थी. इतने में पड़ोस में ही रहने वाली हिना उसके पास आई और उसे मस्जिद के पीछे ले गई. वहां बात करने के दौरान ही उसके पास रखा चाकू नीचे गिर गया. जब उसने पूछा की ये क्या है तो निशा ने कहा कि यह नकली है और इतना कहते ही उसने चाकू से वार कर दिया. सनीमुन के अनुसार निशा कुछ दिन पहले उसके घर पर आ गई थी और घर पर ही रहने की जिद कर रही थी. उस दौरान मां ने उसे घर से भगा दिया था. सनीमुन के अनुसार उसकी शादी की बात चल रही थी. निशा नही चाहती थी कि उसकी शादी हो, वह शादी नही करने का दबाव बना रही थी. फिलहाल पुलिस ने निशा को गिरफ्तार कर लिया है.






