
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत हिल व्यू कॉलोनी निवासी सुकुमार प्रधान के घर के बाहर एक बाइक सवार दो अपराधियों ने फायरिंग की थी. पुलिस ने फायरिंग करने के आरोपी कृष्णा कुमार उर्फ सोनू और रोहित कुमार उर्फ लल्लन यादव को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में दोनो ने पुलिस को बताया कि जेल में छोटू पंडित के हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे विकास तिवारी ने उन्हे 10 हजार रूपये में फायरिंग करने की सुपारी दी थी. विकास से उनकी मुलाकात जेल में ही हुई थी. जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वानन ने बताया कि जेल में बंद विकास कुमार ने ही दोनो को फायरिंग करने की सुपारी दी थी. विकास द्वारा सुकुमार से रंगदारी की मांग की जानी थी. हालांकि रंगदारी की मांग करने से पहले वह सुकुमार को डराना चाहता था इसीलिए उसके घर के बाहर फायरिंग की थी. उन्होंने बताया कि कृष्णा कुमार पूर्व में भी सोनारी से छिनतई मामले में जेल जा चुका है. उन्होंने बताया कि विकास ने ही किसी और से दोनो को हथियार दिलवाया था. घटना को अंजाम देने के बाद उन्होंने हथियार किसी और को से दिया. फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.






