
रांची : झारखंड की हेमंत सोरेन की सरकार को गिराने की साजिश करने के मामले में रांची पुलिस ने रिमांड पर लिए गए आरोपियों से दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रखी है. सभी आरोपियों को कोतवाली थाना में रखकर मामले के आरोपी अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण कुमार महतो से डीएसपी प्रभात रंजन ने पूछताछ की. पूछताछ के दौरान सभी ने तीन विधायको का ही नाम लिया है. इसके अलावा मामले में किसी की संलिप्तता होने से इंकार कर दिया है. उन्होने पुलिस को बताया कि किसी और से वे संपर्क में नहीं थे. वहीं सभी ने महाराष्ट्र के नेताओ से संर्पक में रहने की बात को कबूल किया है. इसके अलावा सभी ने पुलिस को बताया कि वे लोग दिल्ली गए थे जहां उन्हे एक करोड़ रुपये एडवांस दिए जा रहे थे. उन्होने इतने कर रुपये लेने से इंकार किया था. बाद में सभी नेता रांची आए थे. अब इस आधार पर 15 जुलाई को दिल्ली जाने वाले तीन विधायको को आरोपी बनाया जा सकता है. सभी को पुलिस नोटिस देने की तैयारी में जुट गई है. अब इन विधायकों से भी पूछताछ की जा सकती है, जिसमें कांग्रेस के जामताड़ा से विधायक डॉ इरफान अंसारी, कांग्रेस के बरही से विधायक उमाशंकर सिंह अकेला और निर्दलीय अमित यादव शामिल है. इन तीनों विधायकों के साथ पूछताछ करने की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए सारी कानूनी प्रक्रिया को पहले पूरा कर लेना चाहती है. वैसे अब तक इन तीनों ने उन तीन विधायकों के अलावा चौथे या किसी अन्य विधायक का नाम नहीं लिया है.






