
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत स्ट्रेट माइल रोड से बीते रात चोरी हुई ऑटो एक घंटे बाद सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से बरामद हुई. पुलिस ने लावारिस हालत में ऑटो को बरामद किया और ऑटो के मालिक हरजिंदर से संपर्क कर इसकी जानकारी दी. सूचना पाकर हरजिंदर मौके पर पहुंचे. उन्होंने पाया की ऑटो के तीनों चक्के गायब हैं. इसके अलावा बैट्री और आगे के ग्लास को भी निकाल लिया गया है. उन्होंने बताया कि वे साकची के काशीडीह के रहने वाले है. शनिवार रात 8.30 बजे मेडिकल से दवाई लेने गए थे. वापस आए तो देखा कि ऑटो गायब है. वे सीधे इसकी शिकायत करने साकची थाना पहुंचे. थाना में पुलिस ने उनसे ऑटो के कागजात की मांग की. वे कागजात लेने घर पहुंचे तो उन्हें रात 9.30 बजे सिदगोड़ा पुलिस ने ऑटो मिलने की जानकारी दी.




