
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थानांतर्गत धतकीडीह स्थित रेडियो मैदान सोनार लाइन निवासी परवीन बेगम और उनकी मां तेतरी बेगम को पटमदा ठनठनी घाटी में पीछा करते हुए उनके पड़ोसियों ने घेरकर चाकू से वार कर दिया. परवीन ने किसी तरह अपनी जान बचाई और वहां से भागी. भागते हुए वह पास ही के गांव पहुंची जहां गांव वालों ने उसे बचाया और पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनो घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां दोनो का इलाज चल रहा है. परवीन बेगम को पीठ में चाकू लगी है जबकि उनकी मां तेतरी बेगम को कमर में चाकू मारा गया है. इधर डीएसपी पटमदा सुमित कुमार भी एमजीएम अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. घटना के संबंध में परवीन बेगम ने बताया कि 7 अगस्त को पड़ोस में रहने वाले जाहिद उर्फ कौआ और साहिल उर्फ कौआ गुलनाज बीबी के साथ मारपीट कर रहे थे. इसी बीच उन्होंने बीच बचाओ किया. इसके बाद जाहिद और साहिल ने मिलकर उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. जाहिद ने पिस्टल निकालकर भी चमकाया. इसको लेकर बिष्टुपुर थाने में भी शिकायत की गई. आज वह अपने मां के साथ स्कूटी से पुरुलिया के बड़ा बाजार स्थित अपने रिश्तेदार के घर गई थी. वापस आने के क्रम में एक बाइक पर सवार होकर जाहिद, साहिल और एक अन्य युवकों ने उन्हे ठनठनी घाटी पर सुनसान जगह पर रोका और चाकू से वार कर दिया. फिलहाल दोनो की स्थिति ठीक है.






