
जमशेदपुर : गुरुवार को आरआईटी थाना क्षेत्र के बाबाकुटी निवासी सोनू ठाकुर को करीब 9 घण्टे पूछताछ के बाद सीबीआई अपने साथ ले गयी है. सूत्रों की माने तो सीबीआई सोनू को अपने साथ रांची ले गयी है. हालांकि इस संबंध में सीबीआई के अधिकारियों ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया. वहीं सीबीआई की ओर से गुरुवार देर रात प्रेस रिलीज जारी किया गया है. जिसमें बताया गया है, कि जेईई (मुख्य) परीक्षा 2021 में एक निजी शैक्षणिक संस्थान इसके निर्देशकों दलालों सहायकों एवं परीक्षा केंद्र पर पदस्थ कर्मचारी और अन्य अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अनियमितता बरतने के आरोप पर एक निजी कंपनी एवं अन्य जिसमें इसके निदेशक एवं तीन कर्मचारी निजी व्यक्ति दलाल आदि शामिल है, के विरुद्ध 1 सितंबर को मामला दर्ज किया गया. जिसके बाद गुरुवार को यह कार्यवाई की गई है. सीबीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, कि उक्त कंपनी एवं इसके निदेशकों ने जेई मुख्य की ऑनलाइन परीक्षा में हेरफेर की और सोनीपत हरियाणा में चुने हुए परीक्षा केंद्र से रिमोट एक्सेस के माध्यम से आवेदकों के प्रश्न पत्रों को हल कर भारी धनराशि के बदले में शीर्ष एनआईटी में प्रवेश दिलाने के लिए छात्रों को सुविधा प्रदान की. यह भी आरोप है, कि आरोपियों ने बंधक के तौर पर देश के विभिन्न हिस्सों में आकांक्षी छात्रों की दसवीं एवं बारहवीं के अंकपत्र, यूजर आईडी, पासवर्ड एवं पोस्ट डेटेड चेक ले लिया करते थे. जैसे ही प्रवेश हो जाता था, तो आरोपी प्रत्येक उम्मीदवार से 12 से 15 लाख रुपए की भारी धनराशि लिया करते थे. इसी क्रम में दिल्ली एवं एनसीआर, पुणे, जमशेदपुर (आदित्यपुर), इंदौर और बेंगलुरु सहित 19 ठिकानों पर आज तलाशी की गई है. जिसमें 25 लैपटॉप, 7 पीसी, विभिन्न क्षेत्रों के पीडीसी एवं अंकपत्र सहित भारी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज, डिवाइसेज के साथ लगभग 30 पोस्ट डेटेड चेक बरामद हुए. कई व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है.





