
जमशेदपुर : झारखंड के खूंटी जिले के पेरवाघाघ जलप्रपात में दोस्तों के साथ घूमने गई शहर की गरिमा टोपनों की डूबने से मौत हो गई थी. सोमवार को गरिमा को शव घटना स्थल से तीन सौ मीटर की दूरी पर बरामद किया गया था. इधर मंगलवार को उसका पार्थिव शरीर बिरसानगर के हुरलुंग स्थित आवास में पहुंचा. इधर शव के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों में शोक की लहर है. शव को नम आंखो के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया. गरिमा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गोविंदपुर के विग इंग्लिश स्कूल से की और फिर कोलकाता के एनएसएचएम इंस्टीच्यूट ऑफ मीडिया एंड कॉम्युनिकेशन में आगे की पढ़ाई की. गरिमा रांची में रहकर वुमेन एंड जेंडर रिसोर्स सेंटर और झारखंड जनाधिकार महासभा नाम के एनजीओ से जुड़ी थी. रविवार वह अपने साथियों के साथ खूंटी जिले के तोरपा स्थित पेरवाघाघ जलप्रपात में घूमने गई थी. पानी के तेज बहाव में वह बहती चली गई. साथियों और आस पास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का भी प्रयास किया पर पानी के तेज बहाव के कारण वह पानी में डूब गई. इधर स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तक शव को खोजा गया पर शव नहीं मिला. सोमवार को मामले को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान में लिया और खूंटी के उपायुक्त को शव बरामद करने का आदेश दिया. मौके पर रांची से एनडीआरएफ की एक टीम पहुंची और सोमवार शाम को गरिमा का शव बरामद कर लिया गया.





