
जमशेदपुर : जमशेदपुर में दीपावली को लेकर आबकारी विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है. बीते दिनों ही विभाग ने जिले के कई थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर देसी और विदेशी शराब जब्त की थी. एक बार फिर से आबकारी विभाग की कार्रवाई देखने को मिली है. विभाग ने सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह ग्वालाबस्ती में छापेमारी कर अवैध रुप से चल रहे मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. हालांकि टीम को देख मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए. टीम ने छापेमारी के दौरान मौके से किंग्सगोल्ड व्हिस्की 750 एमएल की 15 पेटी (135 लीटर) और 43.125 लीटर बोतल बंद शराब जब्त किया है. इसके अलावा मौके से विभिन्न ब्रांड के बोतल और ढक्कन के अलावा स्टीकर भी बरामद किया है. जांच के दौरान यह पाया गया है किंग्सगोल्ड शराब को अन्य ब्रांडेड शराब की बोतलों में भरकर बेचा जा रहा था. वहीं दूसरी ओर टीम ने बोड़ाम थाना अंतर्गत ससंगडीह में छापेमारी कर 250 किलो जावा महुआ और 135 लीटर महुआ शराब बरामद किया है. मौके से संचालक दुर्गाचरण हेम्ब्रम को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.







