
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में कश्मीर से आये तीन युवकों को स्थानीय युवकों ने पकड़कर जमकर मारपीट की है. ये तीनों युवक उस इलाके में कंबल बेचने के लिए आये थे और व्यवसाय करने के लिए आये थे. बताया जाता है कि रांची के डोरंडा इलाके के कुछ युवकों ने उन तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनको पाकिस्तान मुर्दाबाद, कश्मीर जिंदाबाद के नारे लगाने के लिए बोला. उन लोगों ने नारे नहीं लगाये तो उनकी बेतरह पिटाई कर दी, जिससे उनको चोटें आयी. इन तीन कंबल वालों में सब्बीर अहमद, वसीम अहमद और बिलाल अहमद शामिल है. इन लोगों ने युवकों के खिलाफ डोरंडा थाना में एफआइआर दर्ज करायी है. उसने एफआइआर में लिखा है कि सोनू कुमार नामक युवक अपने साथियों के साथ उनको लरोका और कहा कि पाकिस्तान मुर्दाबाद और कश्मीर जिंदाबाद के नारे लगाओ. जब उन लोगों ने नारेबाजी नहीं की तब उनके साथ जमकर मारपीट कर दी और यह चेतावनी भी दी गयी कि रांची शहर छोड़कर चले जाये नहीं तो बुरा परिणाम होगा. इस घटना की पुष्टि रांची के सिटी एसपी सौरभ कुमार ने की है और कहा है कि कश्मीरी युवकों की शिकायत मिली है. फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाये जाने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.












