
जमशेदपुर : जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम जिले) में रविवार को कोरोना संदिग्ध 702 सैंपल की जांच हुई जिसमें 5 नए मरीज मिले हैं और जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 52077 पहुंच गया है. वहीं शहर के विभिन्न कोविद अस्पतालों में इलाजरत दो मरीज ठीक होकर घर गए और इस तरह से अब तक जिले के 50970 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं. फिलहाल जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 37 है. रविवार को जो 5 नए मरीज मिले हैं उसमें मानगो के 3 तथा सोनारी, सिदगोड़ा के एक एक मरीज शामिल हैं.
शहरी क्षेत्र में 26 व ग्रामीण क्षेत्र में 76 सेंटर पर कल होगा टीकाकरण
पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को शहर में 26 वहीं ग्रामीण क्षेत्र में 76 टीका केंद्रों पर 18 वर्ष के ऊपर के सभी लाभुकों का टीकाकरण किया जाएगा. वरीय प्रभारी वैक्सीनेशन कोषांग-सह-एसडीएम धालभूम संदीप कुमार मीणा ने कहा कि जिला प्रशासन शत प्रतिशत योग्य लाभुकों के टीकाकरण हेतु प्रयासरत है. सभी योग्य नागरिक वैक्सीन जरूर लें, कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए यह जरूरी है. जिले के योग्य लाभुकों से अपील है कि वे अपने नजदीकी सेंटर पर जाकर टीका लेना सुनिश्चित करें. जिलेवासियों की सुविधा को देखते हुए लगातार शहर व ग्रामीण क्षेत्र में वॉक इन मोड में टीकाकरण कार्यक्रम किया जा रहा है. शहरी क्षेत्र में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग का भी विकल्प उपलब्ध है. जिलेवासी cowin.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं.





