
जमशेदपुर : जमशेदपुर में साइबर ठग आम जनों को निशाना तो बना ही रहे है साथ ही बैंक कर्मियों को भी निशाना बनाया जा रहा है. ताजा मामला सोनारी निवासी एंडियास हेंब्रम के साथ का है, साइबर ठगों ने एंडियास को फोन कर ओटीपी पूछा और उनके खाते से लगभग दो लाख की ठगी कर ली. पीड़ित ने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में शिकायत की है. एंडियास शहर के एक बैंक से मैनेजर के पद से रिटायर्ड है. उन्होंने साइबर पुलिस को बताया कि साल 2015 से ही वे क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे है. क्रेडिट कार्ड की वैलिडिटी साल 2025 तक है. साल 2020 में उनके घर पर उनके नाम से क्रेडिट कार्ड डाक के माध्यम से आया था पर उन्होंने वापस करवा दिया, पुनः साल 2021 में क्रेडिट कार्ड आया पर उन्होंने फिर से यह कहकर वापस कर दिया कि उनके कार्ड की वैलिडिटी अब तक बाकी है. इसके बाद 16 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड का कर्मी बताते हुए कहा कि बैंक की ओर से क्रेडिट कार्ड भेजा जा रहा है पर उनके द्वारा रिसीव नहीं किया जा रहा, तब उन्होंने कहा कि उनके कार्ड की वैलिडिटी अभी बाकी है. ठग ने कहा कि क्रेडिट कार्ड को रिजेक्ट करने के लिए उनके मोबाइल पर आया ओटीपी बताना होगा. ओटीपी बताते ही उनके क्रेडिट कार्ड से कई बार में कुल 2,05,866 रुपए कट गए. इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.






