
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी लोहार लाइन निवासी राजेश शर्मा की नवब्याहता बेटी ज्योति शर्मा ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उक्त महिला की शादी परसुडीह में करीब छह माह पहले हुई थी. बताया जाता है कि शादी के बाद से ही उसको अपने ससुराल में मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया गया. इसके बाद वह पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में ही रह रही थी और काफी परेशान थी. बताया जाता है कि ससुराल में वह जब गयी, तब से ही उसको दहेज समेत अन्य चीजों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था, जिससे तंग आकर मायकेवाले उनको लेकर अपने घर ले आये थे. इसके बाद से ज्योति काफी तनाव में रह रही थी. सोमवार को सारे लोग घर से बाहर थे. जब घरवाले आये तो देखा कि ज्योति ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है. काफी देर हो जाने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिसने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम भेज दिया है.







