
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित चेपा पुल के पास सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद एक बाइक सवार की मौत हो गयी. मृतक अरबाज आलम अंसारी है. मंगलवार को परिजनों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद परिजन मानगो थाना पहुंचे. वहां से कागजी कार्रवाई करने के बाद परिजन दोपहर बाद जमशेदपुर के साकची स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंचे. इसके बाद शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह से निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताते हैं कि सोमवार को बाइक सवार कपाली के डैमडूबी का रहने वाला 25 वर्षीय अरबाज दोस्त की बहन की शादी में कुछ सामान लेने के लिए चेपापुल गया था. (नीचे देखे पूरी खबर)

वहां से वापस लौटते वक्त यह हादसा हो गया. लौटते वक्त ही उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची. बताते हैं कि तब अरबाज की सांस चल रही थी. मानगो थाना की पुलिस अरबाज को लेकर साकची के एमजीएम अस्पताल लायी, जहां इलाज के दौरान अरबाज ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह ही में रखवा दिया था. अरबाज वेल्डिंग का काम करता था. इसके बाद उसकी पहचान हो पायी. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दायर किया है.






