
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के वार्ड नंबर 17 की पार्षद शबाना खान के पति जमीन कारोबारी रिंकू खान हत्याकांड का खुलासा हो गया है. उसके हत्या की साजिश उसके कारोबारी मित्र मुर्शीद ने ही रची थी. 45 लाख रुपए लौटाने की जगह मुर्शीद ने रिंकू खान की गोली मरवाकर हत्या करवा दी. रांची पुलिस ने इस मामले के साजिशकर्ता मुर्शीद खान, शूटर बबलू राइडर सहित पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या से पहले मुर्शीद ने रिंकू को अपने घर पर बिठाकर इफ्तारी करायी. उसे बिरयानी खिलाई. इसके बाद जैसे ही रिंकू उसके घर से निकला, उसने पहले से तैयार खड़े कुख्यात अपराधी बबलू राइडर को सूचना दे दी कि रिंकू उसके घर से निकल चुका है. रिंकू जैसे ही अपने दोस्त के साथ घर से निकला कुछ ही दूरी पर पहले से घात लगाए राइडर ने उसे चलती बाइक से ही गोली मार दी और फरार हो गया. रिंकू खान की हत्या की साजिश रचने वाला मुर्शीद मूलत: आसनसोल का रहने वाला है. उसने जानबूझकर पूरी प्लानिंग के तहत रिंकू को अपने घर बुलाया था ताकि वह यह बहाना बना सके कि किसी को अपने घर बुलाकर वह क्यों मारेगा. इसी बात को बार-बार बोल कर पुलिस से बचने की भरसक कोशिश की. लेकिन आखिरकार वह टूट गया और पूरी सच्चाई बताई. मुर्शीद एक शातिर अपराधी है. उसका नाम नशा और जाली नोट के कारोबार में भी आया था. पुलिस ने कई बार उसके घर छापेमारी भी की थी. पूर्व में वह जाली नोट के कारोबार की वजह से जेल जा चुका है.
झारखंड के एक आइपीएस और हत्यारे के बीच थी सेटिंग
राजधानी में पदस्थापित एक आईपीएस से मुर्शीद की सेटिंग थी. उस आईपीएस के नाम पर वह अपने प्रतिद्वंदियों को अक्सर धौंस देता था. जानकार बताते हैं कि उस आईपीएस का पैसा भी इसने जमीन कारोबार में लगाया है. रिंकू खान का भी 60 लाख रुपया मुर्शीद ने एक जमीन मे लगाया था, लेकिन बाद में उसकी मंशा उसके पैसा को लौटाने की नहीं थी. रिंकू ने एक सप्ताह पूर्व जब कॉलर पकड़ा, तभी मुर्शीद ने उसकी हत्या करवाने का मन बना लिया था. रिंकू खान की हत्या के बाद जैसे ही मुर्शीद को यह जानकारी मिली, अपना मोबाइल बंद कर वह तुरंत रांची से बाहर निकलने के लिए एयरपोर्ट की तरफ भागने लगा. हालांकि, पुलिस ने तकनीकी सेल के जरिए उसे ट्रैक करते हुए एयरपोर्ट इलाके से दबोच लिया. उसके पकड़े जाने के बाद चालक विक्की भी दबोचा गया. अंत में पुलिस ने रिंकू पर गोली चलाने वाले शूटर बबलू राइडर को भी गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल और बाइक बरामद कर लिया है.





