
जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े अस्पताल एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सोमवार को एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान वहां मौजूद होमगार्ड मूकदर्शक बने रहे. परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड के एक मरीज को ऑक्सीजन लगा रहे वार्ड ब्वॉय विकास रजक पर ऑक्सीजन का सिलेंडर गिरा दिया. इससे विकास रजक के कंधे में चोट लग गई है. सिलेंडर लगाने में विकास की मदद कर रही एक महिला पुनीता देवी को भी चोट आई है. विकास का बाया कंधा फ्रैक्चर हो गया है. पुनीता के पैर में चोट है. परिजनों ने जमकर हंगामा किया. लोग उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन वे नहीं माने. हंगामा करने के बाद वह शव लेकर चले गए. बताते हैं कि मानगो के डिमना रोड के शर्मा लाइन के रहने वाले 25 वर्षीय मोनू शर्मा उर्फ रोशन शर्मा की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे सुबह एमजीएम अस्पताल लाए थे. परिजनों का कहना है कि जब वह मोनू को अस्पताल लाए थे तो उसकी सांसें चल रही थी. इमरजेंसी के डॉक्टरों ने मोनू को जवाब दे दिया और उसे दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा. लेकिन परिजन उसे दूसरे अस्पताल नहीं ले गए. थोड़ी ही देर में एमजीएम अस्पताल में ही मोनू ने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन हंगामा करने लगे और डॉक्टरों पर इलाज नहीं करने का आरोप लगाया. अस्पताल कर्मियों का कहना है कि हंगामे के दौरान कोई भी गार्ड मामले को शांत कराने नहीं आया. गार्ड से कहा गया तो उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी कहीं और लगी है. अस्पताल अधीक्षक अरुण कुमार का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.














